कोंडागांव।
थाना कोंडागांव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिपावण्ड डोंडियापारा में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 05 मई 2026 को प्रार्थी सिंगलु मंडावी पिता लच्छन मंडावी निवासी चिपावण्ड डोंडियापारा ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

प्रार्थी ने बताया कि 30 अप्रैल 2026 को ग्राम खड़का के लोगों ने सूचना दी कि उसका साला पीतम उर्फ प्रीतम कोर्राम शराब के नशे में अपनी पत्नी सुखदई कोर्राम के साथ गाली-गलौज करते हुए डंडे से मारपीट किया है, जिससे वह बेहोश होकर पड़ी हुई है। सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचा तो आरोपी वहां से फरार हो गया।
घायल सुखदई कोर्राम को पड़ोसियों की मदद से पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर रायपुर स्थित डीकेएस अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान 03 मई 2026 को दोपहर 2:50 बजे उसकी मृत्यु हो गई। मामले में थाना कोंडागांव में अपराध क्रमांक 139/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपील चन्द्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस अनुविभागीय अधिकारी सतीश भार्गव एवं साइबर प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।पूछताछ के दौरान आरोपी पीतम उर्फ प्रीतम कोर्राम पिता स्व. कार्तिक कोर्राम उम्र 35 वर्ष निवासी चिपावण्ड डोंडियापारा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी शराब पीने को लेकर लगातार ताना मारती थी, जिससे परेशान होकर उसने घर में रखे मोटे डंडे से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।पुलिस ने आरोपी को 05 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर परिजनों को सूचना दी तथा 06 मई 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
उक्त सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, उप निरी. राज कुमार कोमरा, प्र0आर0 अशोक मरकाम, सायबर सेल से सउनि. सुरेन्द्र बघेल, आरक्षक संतोष कोड़ोपी बिरजू सोरी का विशेष योगदान रहा है।



