कोंडागांव/बड़ेडोंगर
आज दिनांक 12/05/2026 मंगलवार को बड़ेडोंगर क्षेत्र में आए अचानक तेज आंधी-तूफान ने बेलभाटा और बड़ेडोंगर क्षेत्र में भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं और मौसम के अचानक बदले मिजाज के कारण कई विशालकाय पेड़ धराशायी हो गए, जिससे सड़क मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया और आम जनजीवन प्रभावित हुआ। देशभर में भी इन दिनों तेज आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बेलभाटा-बड़ेडोंगर मार्ग पर एक विशाल पेड़ अचानक सड़क पर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में एक मोटरसाइकिल आ गई। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं टूटकर सड़क पर बिखर गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कुछ जगहों पर ग्रामीणों ने स्वयं कुल्हाड़ी और अन्य उपकरणों की मदद से पेड़ हटाकर रास्ता साफ करने का प्रयास किया।स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज हवा इतनी भयावह थी कि कुछ देर के लिए लोग घरों से बाहर निकलने से भी डर रहे थे। कई कच्चे मकानों और झोपड़ियों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत और सड़क से गिरे पेड़ों को हटाने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग और प्रशासनिक टीम के मौके पर पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। आपदा की स्थिति में राज्य स्तर पर SDRF OFFICE, Disaster Management And rescue Force जैसी एजेंसियां भी सक्रिय रहती हैं।ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते पेड़ों की कटाई-छंटाई और सड़क किनारे सुरक्षा व्यवस्था की जाती तो इस तरह की घटनाओं से बचा जा सकता था। फिलहाल लोग प्रशासन से जल्द राहत कार्य शुरू करने की मांग कर रहे हैं।




