पुष्पवर्षा कर देवी-देवताओं का किया गया स्वागत, मेले में उमड़ी भारी भीड़, लोगों ने की जमकर खरीदारी
कमलेश कुमार मरकाम की रिपोर्ट
बड़ेराजपुर/किबड़ा ~ कोंडागांव जिले के विकासखण्ड बड़ेराजपुर के ग्राम पंचायत किबड़ा के पटेलपारा में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शनिवार को मावली देव मेला का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। इस पारंपरिक मेले में आसपास के लगभग दस ग्रामों के देवी-देवताओं की पावन उपस्थिति रही, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।मेले के दौरान ग्रामवासियों एवं श्रद्धालुओं ने देवी-देवताओं का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत करते हुए उनकी अगवानी की। पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ देवताओं की पूजा-अर्चना की गई, जिससे

पूरे गांव में आस्था और उल्लास का माहौल बना रहा।मेला परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने मेले में लगे विभिन्न दुकानों से दैनिक उपयोग की वस्तुएं, खिलौने तथा अन्य सामानों की जमकर खरीदारी की। बच्चों और युवाओं में मेले को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।ग्रामीणों के सहयोग और सामूहिक प्रयास से आयोजित इस मेले ने क्षेत्र की लोक संस्कृति, परंपरा और धार्मिक आस्था को जीवंत करने का कार्य किया।



