फरसगांव
जिला पुलिस कोंडागांव द्वारा आज ब्लॉक फरसगांव अंतर्गत ग्राम भुमका में आयोजित ब्लॉक स्तरीय शारीरिक बौद्धिक एवं सांस्कृतिक बाल क्रीडा प्रतियोगिता के अवसर पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

अनुविभागीय अधिकारी पुलिस फरसगांव अभिनव उपाध्याय तथा थाना प्रभारी बड़ेडोंगर अमिताभ प्रकाश खांडकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों जैसे ऑनलाइन ठगी, ओटीपी/एटीएम फ्रॉड, फर्जी कॉल व लिंक तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही नशा मुक्ति अभियान के तहत नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए विशेष रूप से युवाओं एवं खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम, महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों, उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं एवं पुलिस सहायता प्रणाली की जानकारी भी साझा की गई।

कार्यक्रम में यातायात सुरक्षा नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन न चलाने तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया गया।इस अवसर पर पूर्व विधायक संतराम नेताम, जिला भाजपा अध्यक्ष सेवकराम नेताम, जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्य, फरसगांव ब्लॉक के सरपंचगण, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ खेल प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बड़ी संख्या में बालक-बालिकाएं उपस्थित रहे।




