विश्रामपुरी/हरवेल ~ कोंडागांव जिले के विकासखण्ड बड़ेराजपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत हरवेल के आश्रित ग्राम तराईबेड़ा के शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए, शासकीय प्राथमिक शाला तरईबेड़ा में “बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (FLN) मेला 2025” का सफल आयोजन किया। “करके देखबो, सीख के रहीबो” (करके देखेंगे, सीख कर रहेंगे) के प्रेरणादायक नारे के साथ आयोजित इस मेले का मुख्य उद्देश्य बच्चों में सीखने की प्रक्रिया को खेल, अनुभव और आनंद से जोड़ना था।

यह मेला बच्चों द्वारा बच्चों के लिए तैयार किया गया था, जहाँ सीखने को एक उत्सव के रूप में प्रस्तुत किया गया। मेले की मुख्य विशेषताओं में बालवाड़ी हिंदी, गणित एवं अंग्रेजी विषयों के आकर्षक स्टॉल शामिल थे। बच्चों ने स्वयं सीखने वाली खेल-आधारित गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वयं सीखने का अनुभव प्राप्त किया। हर गतिविधि में “सीखो, खेलो, दिखाओ” के सिद्धांत का पालन किया गया, जिससे बच्चों में सीखने के प्रति उत्साह और जिज्ञासा बढ़ी। FLN मेला के आयोजन पर न्योता भोज का आयोजन किया गया।
इस आयोजन से यह संदेश स्पष्ट हुआ कि “जहाँ सीखना है उत्सव – वहीं शिक्षा है जीवंत!” यह पहल निश्चित रूप से बच्चों के भविष्य को उज्ज्वल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर प्राथमिक और माध्यमिक शाला तरईबेड़ा दोनों विद्यालयों के प्रधानपाठकों ने इस आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की और बताया कि यह मेला बच्चों की रचनात्मकता और सीखने की क्षमता को बढ़ाने में सहायक सिद्ध हुआ है। अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और इस सीखने के उत्सव को सफल बनाया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रेमनाथ यादव (ग्राम प्रमुख ), रामप्रसाद नाग (पंच), ईश्वर नाग (पंच) , श्री अघन सिंह मंडावी( प्र.अ. माध्यामिक शाला), लगूराम (प्र.अ. प्राथमिक शाला), गोपाल राम नेताम (शिक्षक), सियाराम नेताम( शिक्षक), पुरन सिंह यदु ( शिक्षक) , शिक्षिका श्रीमति शीतल मरकाम, सहायक शिक्षक दसरू मंडावी, मुकेश नेताम उपस्थित रहे। सभी ने FLN मेला के सफल आयोजन के लिए विद्यालय की प्रशंसा की और आगे भी बच्चो के लिए निरंतर इस प्रकार के कार्यक्रम के आयोजन की जानकारी दी। शाला तराईबेड़ा में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञानका हुआ आयोजन



