फरसगांव :~
गोवर्धन सेवा समिति, बानगांव (क्षेत्र-फरसगांव, जिला-कोण्डागांव) द्वारा कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर, दिनांक 05.11.2025 दिन बुधवार को, गिरी गोवर्धन पूजा का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन समिति का 33वां वर्षगांठ महोत्सव था, जिसमें यादव समाज और आस-पास के ग्रामीणजनों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम की शुरुआत में ग्राम बैलगांव और पतोड़ा से भगवान श्री कृष्ण एवं बलराम जी का स्वरूप धारण किए सामाजिक पुरूष महिलाओं द्वारा आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई, जो बानगांव पहुँची।
शोभायात्रा के बाद, आए हुए अतिथियों का स्वागत किया गया और विधिवत दीप प्रज्वलन कर कृष्ण-बलराम जी की पूजा-अर्चना की गई।कार्यक्रम का मुख्य भाग गोवर्धन पूजा एवं गौ सेवा रहा। इस दौरान गौ माता की पूजा अर्चना पश्चात खिचड़ी खिलाई गई और परंपरा अनुसार यादव समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गोबर का टीका लगाकर सामाजिक एकता और सौहार्द का संदेश दिया।

समिति ने गोवर्धन पूजा के मार्गदर्शक स्व श्री देवनाथ यदु और स्व श्री हलालराम यादव जी को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।दिन के समय राऊत नृत्य कला प्रदर्शन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें अनेक राउत नृत्य दलों ने अपनी पारंपरिक कला का प्रदर्शन किया। संस्कृति के संरक्षण पर जोर देते हुए, रात्रि में लोकरंग पर आधारित डीजे डांस प्रतियोगिता रखी गई, जिसमें प्रतिभागियों के लिए लोककला संस्कृति पर आधारित पोशाक पहनना अनिवार्य था।
प्रतियोगिता के विजेताओं को ₹3501 से लेकर ₹1501 तक के नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। गोवर्धन सेवा समिति, बानगांव (स्थापना वर्ष: 19.11.1992) के अध्यक्ष रामचंद यादव, उपाध्यक्ष नाथूराम यादव संरक्षक सुखमन यादव तथा पुजारी रामलाल यादव ने सभी सफल आयोजनकर्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।




