कोंडागांव
जिला प्रशासन एवं यूनिसेफ एग्रिकोन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित कार्यक्रम युवोदय, कोंडनार द्वारा विकासखंड फरसगांव के चैयतूगायत्ता (आलोर) स्थित शासकीय महाविद्यालय, फरसगांव में छात्रों के लिए तनाव प्रबंधन (Stress Management) विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई, दैनिक जीवन, परिवार एवं अन्य परिस्थितियों में उत्पन्न होने वाले सामान्य तनाव को समझने तथा उसका प्रभावी प्रबंधन करने के लिए जागरूक करना था। इस दौरान छात्रों को सरल एवं व्यवहारिक तरीकों के माध्यम से तनाव की प्रक्रिया, उसके कारण एवं उससे निपटने के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ विभिन्न सहभागितापूर्ण गतिविधियां कराई गईं, जिनमें मेडिटेशन (ध्यान), गहरी सांस लेने की प्रक्रिया एवं अन्य इंटरएक्टिव गतिविधियां शामिल रहीं। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्रों को यह समझाया गया कि कैसे विचार (Thought), भावना (Feeling) एवं काल्पनिक सोच (Pseudo Reality) मिलकर तनाव को बढ़ाते हैं तथा इसे नियंत्रित करने के लिए मानसिक संतुलन बनाए रखना आवश्यक है।

इस अवसर पर डॉ. सिद्धार्थ चौधरी (प्राचार्य) की उपस्थिति में कमल किशोर पांडे (ब्लॉक समन्वयक, युवोदय) एवं धनेश नाईक, मुकेश (स्वयंसेवक) द्वारा छात्रों के साथ संवाद कर तनाव प्रबंधन के व्यावहारिक उपाय साझा किए गए। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित सहायता हेतु आईवीआर हेल्पलाइन नंबर 8123922651 भी विद्यार्थियों के साथ साझा किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. सरिता सोनवानी द्वारा भी विद्यार्थियों को सकारात्मक मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। प्राचार्य डॉ. सिद्धार्थ चौधरी ने विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर महाविद्यालय के स्टाफ से खुलकर चर्चा करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान महाविद्यालय के स्टाफ सदस्य— श्रीमती चम्पा मरकाम, श्रीमती सुलोचना मरकाम, श्री राजेंद्र मरकाम, डॉ. पुष्पा खिलाडी, डॉ. सरिता सोनवानी एवं श्री गोपाल पटेल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को तनाव के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।




