कोंडागांव
छत्तीसगढ़ शासन, गृह (पुलिस) विभाग ने शुक्रवार को राज्य पुलिस सेवा के सात आईपीएस अधिकारियों का तबादला आदेश जारी किया है। इस फेरबदल में कोण्डागांव जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पद पर भी बदलाव किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, वर्तमान पुलिस अधीक्षक यदुवल्ली अक्षय कुमार (भा.पु.से.-2018) को सहायक पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर के पद पर स्थानांतरित किया गया है। वहीं पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.), जो अब तक सेनानी, 13वीं वाहिनी, सशस्त्र बल, बांगी (कोरबा) के पद पर पदस्थ थे, उन्हें पुलिस अधीक्षक, कोण्डागांव बनाया गया है।

गृह (पुलिस) विभाग के सचिव हिम शिखर गुप्ता द्वारा राज्यपाल के नाम से जारी इस आदेश में कहा गया है कि अधिकारियों को उनकी नई पदस्थापना पर अस्थाई रूप से आगामी आदेश तक कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

नए पुलिस अधीक्षक के रूप में पंकज चन्द्रा के आगमन से जिले में पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था में नई कार्यसंस्कृति और दिशा देखने की संभावना जताई जा रही है। वहीं पूर्व एसपी अक्षय कुमार के कार्यकाल में जिले में नक्सल क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण अभियान और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।



