कोंडागांव
छत्तीसगढ़ राज्य लघुवनोपज संघ के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष रूपसाय सलाम शनिवार को केशकाल पहुंचे। इस दौरान पंचवटी में भाजपा जिलाध्यक्ष सेवकराम नेताम, महामंत्री विजय पोया, डीएफओ दिव्या गौतम समेत भाजपा पदाधिकारियों,- कार्यकर्ताओं, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों एवं वन प्रबंधन समिति के प्रबंधकों एवं फड़ मुंशियों के द्वारा रूपसाय सलाम का बस्तर के पारंपरिक मांदरी मृत्य के साथ आत्मीय स्वागत किया गया।

स्वागत के पश्चात रूपसाय सलाम भाजपा कार्यकर्ताओं व वन प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों से मुखातिब हुए। उन्होंने शासन की योजनाओं को ग्रामीण स्तर पर पहुंचाने एवं वन प्रबंधन समितियों के विकास और उत्थान के सम्बंध में चर्चा किया।
इस अवसर पर सर्वप्रथम डीएफओ दिव्या गौतम ने नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष रूपसाय सलाम का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वन प्रबंधन समितियों के माध्यम से केशकाल वनमंडल अंतर्गत प्रतिवर्ष हजारों ग्रामीण रोजगार प्राप्त करते हैं। हमारा प्रयास रहेगा कि रूपसाय सलाम जी के नेतृत्व में केशकाल वनमंडल की वन प्रबंधन समितियों को बेहतर कार्य करने की ऊर्जा मिलेगी। साथ ही समय समय पर उनके मार्गदर्शन से समितियों को लाभ भी मिलेगा।

लघुवनोपज संघ नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष रूपसाय सलाम ने वन प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वनमंत्री केदार कश्यप एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव समेत संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने मुझ जैसे सामान्य से कार्यकर्ता को प्रदेश स्तर के पद पर कार्य करने का मौका दिया है। मेरा प्रयास रहेगा कि शासन की महत्वकांक्षी योजनाओं को जमीनी स्तर पर पहुंचाते हुए लोगों को इसका लाभ दिलाया जाएगा। साथ ही समिति प्रबधकों एवं फड़मुंशियों से समन्वय स्थापित करते हुए उनका विकास व उत्थान किया जाएगा।

इस दौरान मंडल अध्यक्ष लम्बोदर सलाम, नवदीप सोनी, राजकिशोर राठी, महेंद्र रामटेके, रोशन सिन्हा, कौशल निषाद समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी/कार्यकर्ता एवं वन विभाग के अधिकारी/कर्मचारियों के साथ साथ वन प्रबंधन समितियों के प्रबंधक एवं फड़ मुंशी मौजूद रहे।



