कमलेश कुमार मरकाम की रिपोर्ट
कोडागांव, 13 दिसंबर 2025 | प्रदेश के किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने धान खरीदी प्रक्रिया को और अधिक सरल बना दिया है। अब तूहर टोकन ऐप 24 घंटे, सप्ताह के सभी दिन (24×7) खुला रहेगा। इसके साथ ही टोकन काटने के लिए पहले से निर्धारित समय की बाध्यता समाप्त कर दी गई है। किसान अब दिन-रात किसी भी समय, अपनी सुविधा के अनुसार टोकन बुक कर सकेंगे।नई व्यवस्था के तहत किसान 13 जनवरी तक आगामी 20 दिनों के लिए टोकन ले सकेंगे। इससे धान विक्रय की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी और टोकन लेने के दौरान होने वाली भीड़ एवं तकनीकी दबाव से राहत मिलेगी। राज्य सरकार ने 2 एकड़ एवं 2 एकड़ से कम रकबा वाले लघु किसानों को विशेष राहत देते हुए उन्हें 31 जनवरी तक तूहर टोकन ऐप से टोकन लेने की सुविधा प्रदान की है। यह निर्णय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर लिया गया है, जिससे छोटे किसानों को अतिरिक्त समय और सहूलियत मिल सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि टोकन प्रत्येक सहकारी समिति को आबंटित सीमा के भीतर ही जारी किए जाएंगे। किसानों से अपील की गई है कि वे समय रहते ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा,“किसानों की सुविधा और पारदर्शी व्यवस्था हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। तूहर टोकन ऐप को 24×7 खोलने और समय की बाध्यता समाप्त करने का निर्णय इसी सोच का परिणाम है। इससे किसान बिना किसी दबाव के अपनी सुविधा अनुसार टोकन बुक कर सकेंगे। लघु किसानों के लिए अतिरिक्त समय-सीमा वास्तव में बड़ी राहत है। राज्य सरकार किसान हित में हर संभव कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।” राज्य सरकार के इस निर्णायक कदम से धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता, सुगमता और किसानों का भरोसा और मजबूत होने की उम्मीद है।



