कोंडागांव
फरसगांव ब्लॉक अंतर्गत ग्राम शंकरपुर में युवोदय–एग्रिकोन के द्वारा बाल सुरक्षा विषय पर शाला प्रबंधन समिति (SMC) के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।बैठक में शिक्षकों एवं संकुल समन्वयक के साथ मिलकर बच्चों के सर्वांगीण विकास—जैसे शिक्षा, सुरक्षा, मानसिक एवं सामाजिक विकास—पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस दौरान बाल अधिकारों, बच्चों के साथ होने वाली समस्याओं की पहचान तथा उनसे निपटने के उपायों पर जानकारी दी गई।साथ ही बच्चों की सुरक्षा से संबंधित चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी साझा की गई और यह बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में इस नंबर पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है।

इस अवसर पर संकुल समन्वयक प्रहलाद पांडे, प्रधानाध्यापिका हेमलता मरकाम, श्रवण कुमार राठिया, युवोदय ब्लॉक समन्वयक कमल किशोर, स्वयंसेवक धनेश नाईक, सहित SMC के अध्यक्ष एवं सभी सदस्य उपस्थित रहे।बैठक के अंत में सभी उपस्थितजनों ने बच्चों की सुरक्षा एवं विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा भविष्य में भी इस तरह की जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित करने पर सहमति बनी




