कमलेश कुमार मरकाम कि रिपोर्ट
विश्रामपुरी/हरवेल~ ग्राम पंचायत मांडोकीखरगाँव में 23 नवंबर को मितानिन दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मितानिन बहनों के सम्मान एवं अभिनंदन हेतु विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कोंडागांव जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री हिरासिंह नेताम, ग्राम पंचायत मांडोकीखरगांव की सरपंच श्रीमती शांति नेताम, सरपंच प्रतिनिधि महेश नेताम,समस्त पंचगण, जनप्रतिनिधि सहित ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अथिति हिरासिंह नेताम व सरपंच शांति नेताम के कर-कमलों से मितानिन दीदियों कों श्रीफल एवं साड़ी भेंटकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह में ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मितानिन बहनों द्वारा ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा में दिए जा रहे निरंतर योगदान की सराहना की। कार्यक्रम का सफल संचालन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। ग्राम पंचायत मांडोकीखरगांव की यह पहल समाज के प्रति सेवा भाव एवं स्वास्थ्य जागरूकता के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी संदेश देती है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेताम ने कहा की कहा कि गर्भवती महिलाओं की देखभाल, टीकाकरण, कुपोषण उन्मूलन, स्वास्थ्य जागरूकता तथा ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की कड़ी को मजबूत करने में मितानिनों की भूमिका अतुलनीय है।मितानिन बहनें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी का काम करती हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी उनकी सेवाएं अतुलनीय हैं। आप सभी मितानिन बहनें स्वास्थ्य योद्धा हैं। आप अपनी जान जोखिम में डालकर भी लोगों की सेवा करती हैं, खासकर माताओं और शिशुओं के स्वास्थ्य में गुणात्मक सुधार लाने में आपका

योगदान सराहनीय है। मैं मितानिन दिवस के अवसर पर आप सभी को हृदय से बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।सरपंच श्रीमती शांति नेताम ने भी मितानिनों के प्रति सम्मान जाहिर करते हुए बताया कि मितानिनों की निरंतर सेवाओं से गाँव में स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूकता बढ़ी है और कई सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिले हैं। पूरे कार्यक्रम में सौहार्द, कृतज्ञता और प्रेरणा का वातावरण नजर आया, जिसने सभी के मन में मितानिनों के प्रति और अधिक सम्मान और गर्व की भावना भर दी।



